नवागढ़ (ट्रैक सीजी न्यूज/हेमंत सिन्हा)
नगर पंचायत नवागढ़ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सिद्घांत चौहान ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने निकटम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के हेमंत महिलांग को 83 वोट से हराया है। वहीं पार्षदों में 15 से 12 पार्षद भाजपा के एवं 03 निर्दलीय पार्षद जीत कर आए है। नगर पंचायत में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है, अध्यक्ष के साथ-साथ सभी 15 कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी भी बुरी तरह चुनाव हार गए। सिद्धू की जीत पर नगर के युवाओं में जोश का माहौल दिखा। जय श्री राम के नारे लगाते ओर पटाखे फोड़ कर जश्न मनाते दिखे।
नवागढ़ में राजनीति के जानकर कहते है कि कोई कितना भी अपना हो पहले अपना देखता है, इस बात को चरितार्थ नवागढ़ के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों ने किया, नवनिर्वाचित पार्षदों ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के पक्ष में खुलकर प्रचार नहीं किया वे अपनी जीत सुनिश्चित करने में लगे रहे जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हेमंत महिलांग को हार का मुंह देखना पड़ा ।
नगर पंचायत नवागढ़ से अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार सिद्धांत चौहान को 3,086 वोट, भाजपा के हेमंत महिलांग को 3,003 वोट एवं कांग्रेस के धनेश घृतलहरे को 1,002 वोट प्राप्त हुए है। इस तरह सिद्धांत ने भाजपा हेमंत को नजदीकी मुकाबले में महज 83 वोट से पराजित किया है। निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र लेने के बाद सिद्धू ने अपने समर्थकों के साथ आभार रैली निकाली, जो कि बूढ़ेश्वर महादेव से शुरूहोकर मेन चौक, गौरवपथ के रास्ते बस स्टैंड होते हुए शमी गणेश मंदिर एवं महामाया मंदिर के दर्शन करते हुए सुकुल पारा पहुँची। रैली बावापारा में सिद्धू के निवास में समाप्त हुई।
जीत पर सिद्धांत ने कहा कि मेरी जीत मेरे नवागढ़ नगरवासियों की जीत है। नगर के एक-एक बुजुर्ग,युवा,महिला सभी ने बढ़चढ़कर आशीर्वाद एवं सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि नवागढ़ का विकास ही प्राथमिकता होगी, इसके लिए कोई समझौता नहीं होगा। नगर जल समस्या से जूझ रहा है, सर्वप्रथम इसके लिए काम करेंगे।
पार्षदो में वार्ड 01 से विशेष लहरे भाजपा को 309 एवं श्वेता धर्मेंद्र पाठक कांग्रेस को 115 वोट मिले। वार्ड 02 में धर्मिन सोनकर भाजपा को 304 एवं अन्नू रोशन दीवान को 202 वोट मिले। वार्ड में आशाराम ध्रुव भाजपा को 184 एवं हरिकेश ध्रुव निर्दलीय को 75 वोट मिले। वार्ड 04 में संतोष ताम्रकार निर्दलीय को 321 एवं अजय देवांगन भाजपा 196 वोट मिले। वार्ड 05 में राहुल खुराना भाजपा को 309 एवं अमित जैन कांग्रेस को 115 वोट मिले। वार्ड 06 में दिनेश यादव भाजपा को 229 एवं शेखर शर्मा निर्दलीय को 104 वोट मिले। वार्ड 07 में शालिया बेगम भाजपा को 342 एवं पूजा निर्मलकर निर्दलीय को 197 वोट मिले। वार्ड 08 में सरोजनी कुर्रे भाजपा को 249 एवं रवीना घृतलहरे कांग्रेस को 160 वोट मिले। वार्ड 09 में विनोद साहू भाजपा को 259 एवं वीरेंद्र मसीह कांग्रेस को 121 वोट मिले। वार्ड 10 में जीवन सिन्हा निर्दलीय को 156 एवं जलेश्वर सिन्हा भाजपा को 152 वोट मिले। वार्ड 11 ललिता मनीष श्रीवास निर्दलीय को 220 एवं राजकुमारी श्रीवास भाजपा को 149 वोट मिले। वार्ड 12 में निर्मला निषाद भाजपा को 323 एवं किरण यादव निर्दलीय को 171 वोट मिले। वार्ड 13 में उमेश बोयरे भाजपा 272 एवं दिलेन्द्र बोयरे कांग्रेस को 229 वोट मिले। वार्ड 14 में सोम ठाकुर भाजपा को 354 एवं सागर सेन को 136 वोट मिले। वार्ड 15 में भूपेंद्र जांगड़े भाजपा को 309 एवं रतन दिवाकर कांग्रेस को 209 वोट मिले। इस लिहाज से 12 भाजपा के एवं 03 निर्दलीय पार्षद जीतकर आए है।
सबसे ज्यादा अंतर से जीते सोम ठाकुर
सबसे ज्यादा अंतर से वार्ड 14 में भाजपा के सोम ठाकुर 218 मतों से जीते है तो वहीं सबसे नजदीकी मुकाबले में वार्ड 10 में जीवन सिन्हा ने मात्र 04 वोटों के अंतर से विजय हासिल की है।
भाजपा की मैनेजमेंट में चूक
चूंकि भाजपा की चुनावी कमान क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री दयाल दास बघेल ने थामी हुई थी। वे लगातार वार्डों में जाकर जनसंपर्क में थे। फिर भी भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी की हार को मंत्री दयाल दास बघेल के चुनावी मैनेजमेंट में हुई चूक के रूप में देखा जा रहा है। विगत साल भर तक जिन हाथों में नगर की बागडोर थी, अप्रत्याशित परिणाम उनकी ओर इशारे कर रहे हैं।